हिसार। साइबर ठगों ने हरियाणा सिटी गैस (एचसीजी) कंपनी का अधिकारी बनकर दो लोगों को ठगी का शिकार बनाया और कुल 5.91 लाख रुपये हड़प लिए।
एक मामले में मीटर रीडिंग अपडेट नहीं होने पर कनेक्शन काटने की धमकी दी गई जबकि दूसरे में पीएनजी का बिल लंबित बताकर कनेक्शन काटने का झांसा दिया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला
नित्यानंद संस कॉन्ट्रैक्टर प्राइवेट लिमिटेड के अकाउंटेंट गगन कुमार ने बताया कि 27 अगस्त को कंपनी के निदेशक अतुल गुप्ता के व्हाट्सएप पर संदेश आया। इसमें मीटर रीडिंग अपडेट नहीं होने पर गैस कनेक्शन काटने की धमकी दी गई और एक मोबाइल नंबर पर कॉल करने को कहा गया। गगन ने सहकर्मी राजन से उस नंबर पर कॉल करवाया। फोन उठाने वाले ने खुद को एचसीजी अधिकारी बताया और मीटर अपडेट करने के लिए एप डाउनलोड करने को कहा। ठग ने राजन के व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल कर लिंक भेजा, जिससे एप डाउनलोड हो गई। इसके बाद कंपनी के एचडीएफसी बैंक क्रेडिट कार्ड की जानकारी एप में डालते ही फोन हैक हो गया और क्रेडिट कार्ड से 2,02,202 रुपये कट गए। जांच अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दूसरा मामला
सेक्टर-13 पार्ट टू निवासी विजयंत भटेजा ने बताया कि 29 अगस्त को उसके व्हाट्सएप नंबर पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एचसीजी कंपनी का अधिकारी बताते हुए कहा कि पीएनजी गैस का भुगतान लंबित है और भुगतान नहीं करने पर कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसके बाद उसके पास एपीके फाइल भेजी गई। फाइल पर क्लिक करते ही फोन हैक हो गया और क्रेडिट कार्ड से रुपये कटने के संदेश आने लगे। कई बार में उसके खाते से कुल 3,91,735 रुपये कट गए। इसके बाद उसे ठगी का पता चला। जांच अधिकारी गोविंद ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।