हांसी पुलिस की गिरफ्त में सैनी की हत्या के आरोपी।
हांसी (हिसार)। पुलिस जिला की स्पेशल स्टाफ टीम ने हीरो मोटर्स शोरूम के मालिक व जजपा नेता रविंद्र सैनी की हत्या करने वाले मुख्य दो आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। शनिवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 8 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में इससे पहले 11 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महम के निंदाना निवासी सुमित उर्फ मंत्री व तोशाम के अलखपुरा निवासी मनीष उर्फ चेयरमैन के रूप में हुई। स्पेशल स्टाफ टीम के इंचार्ज एसआई पवन कुमार ने बताया कि आरोपियों ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर रविंद्र सैनी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि रविंद्र सैनी की हत्या करने का षड्यंत्र जेल में बंद विकास उर्फ विक्की नेहरा से मुलाकात के दौरान रचा था।
टीम को गुप्त सूचना मिली कि रविंद्र सैनी की हत्या करने वाले मुख्य दो आरोपी शाम को अपने परिवार से मिलने अपने घर आएंगे। स्पेशल स्टाफ ने कार्रवाई करते हुए टीम का गठन कर आरोपियों को महम के गोहाना मोड़ से गिरफ्तार किया।
बता दें कि रविंद्र सैनी की 10 जुलाई शाम छह बजे उनके शोरूम के बाहर चार हमलावरों ने पांच गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद चारों एक ही बाइक पर सवार होकर फरार हो गए थे। विरोध में व्यापारियों ने 12 जुलाई को हांसी बंद किया था। बंद के दौरान एक प्रतिनिधि मंडल चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलने के लिए गया था तो मुख्यमंत्री ने मांगे मानते हुए जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। 16 जुलाई को मामले में वांछित तीन बदमाशों की रात को उमरा रोड पर पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई थी। जिसमें तीनों घायल हो गए थे। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान एसटीएफ ने भी सहयोग दिया था। मुख्य आरोपी विकास नेहरा को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया था।