हिसार। बाइक सवार चार बदमाशों ने रविवार रात महज 20 मिनट में लूट और हमले की एक के बाद एक दो वारदात कर डालीं। बदमाशों ने पहले पुरानी सब्जी मंडी रेलवे ओवरब्रिज के नीचे बाइक सवार दंपती पर चाकू से हमला कर 20,000 की नकदी और फोन छीन लिया। इसके बाद जाट कॉलेज मार्ग पर एक ऑटो चालक पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया।
ताज्जुब है कि इस दौरान पुलिस को भनक तक नहीं लगी। घायलों को नागरिक अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में भर्ती कराया गया। इससे पहले शनिवार को भी चार बदमाशों ने पुराने ओवरब्रिज के ऊपर एक व्यक्ति पर हमला कर हजार रुपये और फोन छीना था।
पुलिस सोमवार रात तक एक भी वारदात का सुराग नहीं लगा पाई। एचटीएम और अर्बन एस्टेट थाना पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
नागरिक अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में उपचाराधीन सैनियान मोहल्ला निवासी पप्पू ने बताया कि वह साइकिल पर खिलौने बेचने का काम करता है। रविवार सुबह पत्नी नीलम खिलौने लेने दिल्ली गई थी। वापसी में रात 11 बजे के करीब रेलवे स्टेशन पहुंची। वह पत्नी को लेने रेलवे स्टेशन गया था। करीब 11:30 बजे दोनों साइकिल पर खिलौने रखकर पैदल ही घर की तरफ आ रहे थे। पुरानी सब्जी मंडी के पास रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से गुजर रहे थे, तभी बाइक सवार चार युवकों ने उन्हें घेर लिया। इनमें से दो ने मुंह पर कपड़ा बांधा था।
पास में जो कुछ है, वो देने की धमकी देते हुए एक युवक ने पप्पू पर पिस्तौल तान दी और दूसरे ने पैर पर चाकू से वार किया। पत्नी बीच-बचाव करने लगी तो उसके पैर पर भी चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद जेब में रखा पर्स और फोन निकाल लिया। पर्स में 20,000 रुपये थे। वारदात को अंजाम देकर चारों भाग निकले। आसपास कोई मदद करने वाला नहीं था, वे घायल हालत में किसी तरह घर आए और सोमवार दोपहर उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचे। इस संबंध में एचटीएम थाना पुलिस को अवगत करवाया है।