हिसार। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) में पीएचडी की एक छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता ने दो असिस्टेंट प्रोफेसर पर आरोप लगाते हुए विवि प्रशासन को बुधवार को दूसरी बार शिकायत दी। इस पर कुलपति प्रो. बीआर कांबोज ने जांच कमेटी गठित करते हुए आरोपी प्रोफेसर नवीन कौशिक व अजीत सांगवान को निलंबित कर दिया है।
पीड़िता ने करीब एक सप्ताह पहले दी शिकायत में आरोप लगाया था कि उसे प्रताड़ित किया जा रहा है। उसके मोबाइल फोन पर अश्लील संदेश भेजे गए और कई तरह के प्रलोभन देने का प्रयास किया। इस शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह फिर से कुलपति से मिली। कुलपति ने बताया कि शिकायत के आधार पर दोनों असिस्टेंट प्रोफेसर को निलंबित कर दिया। जांच के लिए कमेटी गठित की है। कमेटी की रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आते हैं, उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।