सिरसा रोड पर एनआरसीई गेट के पास शुक्रवार रात करीब 10 बजे हादसे में जान गंवाने वाले बुढ़ाखेड़ा निवासी मोहित और अरविंद के शवों का शनिवार को नागरिक अस्पताल में सदर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए, जहां परिजनों ने देर शाम गांव में उनका अंतिम संस्कार किया। मामले में सदर थाना पुलिस ने मृतक मोहित के पिता सुभाष और अरविंद के भाई अतुल के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
मोहित के पिता ने बताया कि शुक्रवार रात हादसे के करीब डेढ़ घंटा पूर्व मोहित ने उन्हें फोन किया था और कहा था कि पापा मेरा काम हो गया है। मैं थोड़ी देर में घर आ जाऊंगा। सुभाष ने बताया कि वह उस समय जीरी बेचने के लिए गए हुए थे। मोहित का काम बनने की उन्हें जैसे ही खबर मिली वह खुशी से झूम उठे थे, लेकिन कुछ देर बाद पुलिस से हादसे की सूचना मिलते ही खुशियां गम में बदल गई।
कुछ दिन बाद अरविंद के भाई व दो बहनों की थी शादी
नागरिक अस्पताल में मौजूद अरविंद के ताऊ के बेटे सुरेश ने बताया कि मोहित और अरविंद दोनों बचपन के दोस्त थे। दोनों ही स्कूल में भी साथ पढ़े। दोनों ही एक साथ ऑस्ट्रेलिया जाना चाहते थे, इसलिए दोनों शुक्रवार को सिरसा में आइलेट का पेपर देकर दस्तावेज जमा करवाकर आ रहे थे। सुरेश ने बताया कि बुढ़ाखेड़ा में ही रहने वाले ताऊ साहबराम के बेटे अनिल और बेटी प्रोमिला व अनीता की 5 नवंबर को सिवानी में शादी है, लेकिन हादसे के बाद खुशियां मातम में बदल गईं। सुरेश ने बताया कि कई दिन से अरविंद से इसी बात पर मजाक किया जा रहा था कि अनिल और उसकी बहनों की शादी के बाद उसका रिश्ता भी देखना है, जिस पर अरविंद मुस्कुरा देता था।
लावारिस पशु बने हादसे की वजह
नागरिक अस्पताल में मौजूद मृतक मोहित के ताऊ घनश्याम व अरविंद के भाई सुरेश ने कहा कि हादसा गाड़ी के आगे लावारिस पशु आने से हुआ था। उनकी गाड़ी की गति इतनी भी तेज नहीं थी। अन्य परिजनों का कहना था कि बेशक इत्तफाकिया कार्रवाई की जा रही है, लेकिन प्रशासन को चाहिए कि शहर में जगह-जगह सड़कों पर विचरते पशुओं को गोशाला पहुंचाए, ताकि कोई और हादसे का शिकार न बने।
उड़ गए थे कार के परखच्चे
उल्लेखनीय है कि सिरसा रोड पर शुक्रवार रात करीब 10 बजे घोड़ा फार्म के पास हादसे में गांव बुढ़ाखेड़ा निवासी करीब 22 वर्षीय अरविंद व करीब 21 वर्षीय मोहित की मौत हो गई थी। हादसा इतना भयंकर था कि युवकों की गाड़ी के परखच्चे उड़ गए थे। कार की तेज रफ्तार होने के कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई थी। गाड़ी तीन-चार पलटें खाती हुई हाईवे का फुटपाथ क्रॉस करके दूसरी तरफ चली गई थी। इस दौरान हिसार की तरफ से आ रहे एक ट्रक से टकराने से हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
दोनों के शव का आज पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए हैं। दोनों मृतकों के परिजनों के बयान पर मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है।
- सूरजमल, हेडकांस्टेबल, जांचकर्ता, सदर थाना, हिसार।