हिसार। सीआईए टीम ने शनिवार को दो नशा तस्करों उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के निवासी जतिन शुक्ला और शिवम को 754 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अफीम बरामद की है और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
सीआईए बरवाला के प्रभारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि न्यू क्लॉथ मार्केट, हिसार (फेज-1) के पास दो संदिग्ध युवक खड़े हैं। पुलिस ने छापेमारी की और दोनों युवकों को काबू किया। युवकों की तलाशी लेने पर उनके पास से 754 ग्राम अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। सीआईए प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपियों ने यह अफीम कहां से लाए थे और इसे हिसार में किसे सप्लाई किया जाना था।