हिसार। सिरसा जिले के जोगीवाला गांव निवासी नवीन कुमार और उनके भाई सुमित से महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 30 लाख रुपये हड़प लिए गए। आरोप है कि चार लोगों ने दोनों भाइयों को 15-15 लाख रुपये में पक्की नौकरी दिलाने का भरोसा देकर रकम ऐंठ ली।
पुलिस ने हिसार के योगनगर निवासी श्याम सुंदर, सेक्टर-14 निवासी राजविंद्र कौर, अग्रोहा मेडिकल कॉलेज क्षेत्र निवासी शमशेर मलिक, भादरा (राजस्थान) निवासी देवीलाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिटी थाना के जांच अधिकारी सुरेंद्र ने बताया कि सिविल लाइन थाना सिरसा में जीरो एफआईआर दर्ज हुई थी जो उनके थाने को मिल चुकी है। मामले में जांच जारी है।
पीड़ित नवीन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हिसार के एक निजी अस्पताल में कार्यरत देवीलाल ने उसकी मुलाकात श्याम सुंदर और राजविंद्र कौर से करवाई थी। देवीलाल ने दावा किया था कि श्याम सुंदर की मेडिकल कॉलेज में अच्छी पैठ है और राजविंद्र वहां कार्यरत हैं। इसके बाद आरोपियों ने दोनों भाइयों को नर्सिंग ऑफिसर के पद पर स्थायी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
नवीन ने श्याम सुंदर के बैंक खाते में दो किस्तों में कुल 30 लाख रुपये जमा करवाए। आरोपियों ने उन्हें नियुक्ति प्रस्ताव पत्र और नियुक्ति पत्र भी दिए। इसके आधार पर दोनों ने आपातकालीन ड्यूटी शुरू कर दी।
एक महीने काम करने के बाद 43,800 रुपये वेतन मिला :
करीब एक महीने काम करने के बाद उन्हें 43,800 रुपये वेतन मिला जो 18 दिन का बताया गया। इसके बाद एडमिन ब्लॉक में जानकारी लेने पर पता चला कि मेडिकल कॉलेज में उनकी नियुक्ति का कोई रिकॉर्ड ही नहीं है। नवीन ने आरोप लगाया कि चारों ने मिलीभगत कर फर्जी दस्तावेजों के जरिए ठगी की है।