शहर के वार्ड 2 में 10 अगस्त को दिन दिहाड़े एक मकान का ताला तोड़कर नकदी व सोने चांदी के जेवरात चुराने के मामले में पुलिस ने वार्ड-10 निवासी बजरंग व जिला सिरसा के गांव खाजा खेड़ा निवासी बंटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। बंटी को अदालत ने जेल भेज दिया जबकि बजरंग को 1 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुराना बस अड्डा चौकी प्रभारी दिनेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों से वारदात के दौरान इस्तेमाल की गई बाइक बरामद, 3 तोले सोने के आभूषण व 170 ग्राम चांदी बरामद की है। बता दें कि 10 अगस्त को वार्ड 2 निवासी अशोक ने पुलिस में शिकायत दी थी कि चोर उसके मकान से अलमारी में रखे एक लाख 40 हजार रुपये, 9 तोले सोने व 450 ग्राम चांदी के जेवरात चुराकर ले गए हैं। पुलिस ने अशोक की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। इस बीच शहर के भिन्न-भिन्न व्हाट्स एप ग्रुप में वारदात को अंजाम देने वालों की तस्वीरे वायरल हुई थी। जिसके तहत पुलिस चोरों तक पहुंचने में सफल हो पाई। रिमांड पर लिए आरोपी बजरंग से पुलिस चोरी की गई नकदी के बारे में सुराग लगाएगी।