बास। दिल्ली नेशनल हाईवे पर सोरखी के नजदीक बास थाना पुलिस ने 2 किलो 800 ग्राम अफीम के साथ गाड़ी चालक व उसके साथी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फतेहाबाद जिले के कवलगढ़ निवासी गुरमेल सिंह व अहरवां गांव निवासी सतनाम सिंह के रूप में हुई है। आरोप हैं कि ये बिहार व झारखंड से अफीम लाकर रतिया व फतेहाबाद एरिया में बेचते हैं। बास थाना पुलिस टीम में एसआई प्रदीप कुमार, हैड कांस्टेबल रघुबीर सिंह, सिपाही विनोद व ईएचसी सुनील कुमार शामिल थे।
एसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि काले रंग की गाड़ी में दो लोग बिहार व झारखंड से अफीम लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही बास थाना पुलिस ने नाकाबंदी कर दी। नाकाबंदी के दौरान सूचना में बताई गई गाड़ी रोहतक की तरफ से आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने गाड़ी को रुकवा लिया। इसके बाद कानूनी तरीके से गाड़ी की तलाशी ली गई। राजपत्रित अधिकारी वेटरनरी सर्जन डॉ. प्रदीप बूरा की मौजूदगी में गाड़ी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ी की डिग्गी में एक पॉलिथीन से 2 किलो 800 ग्राम अफीम बरामद हुई। पूछताछ पर आरोपी गुरमेल सिंह व सतनाम सिंह ने पुलिस को बताया कि वे यह अफीम झारखंड से खरीद कर लाए हैं। बास थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में लिए गए हैं। संवाद