डीएसपी धीरज के साथ पकड़े गए चार आरोपी
हांसी। क्रांतिमान चौक के पास गैस एजेंसी मालिक व आंबेडकर चौक के पास स्थित एक नामी होटल संचालक से लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए अलवर से हांसी आए दो युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने दोनों को दो दिन रिमांड पर लिया है। ये दोनों युवक राजस्थान के अलवर के रहने वाले हैं। इस प्लान का मास्टर माइंड रोमियो अलवर जेल में बंद है। उसने यह लूट की योजना अलवर जेल में ही बनाई थी। हांसी में एडवोकेट बंटी की पत्नी और उसकी माता की गोली मारकर हत्या के मामले में भी रोमियो आरोपी है।
हांसी में शुक्रवार रात को पकड़े आरोपियों की पहचान अलवर निवासी 20 वर्षीय योगेश व अलवर के ही 19 वर्षीय विवेक के रूप में हुई है। पुलिस रिमांड के दौरान इन दोनों आरोपियों ने सैनीपुरा निवासी अनिल व मोहित का नाम भी उगल दिया। आरोपियों का कहना है कि अनिल व मोहित लूट की वारदात में उनका साथ देने वाले थे। इसके बाद हांसी सीआईए टू की टीम ने सैनीपुरा निवासी अनिल व मोहित को भी गिरफ्तार कर लिया। ये चारों आरोपी मिलकर हांसी में गैस एजेंसी मालिक व होटल संचालक को लूटने की फिराक में थे। कई दिनों से ये हांसी में गैस एजेंसी मालिक व होटल संचालक की रैकी कर रहे थे। आरोपी योगेश और विवेक से .315 बोर का पिस्टल और दो कारतूस भी बरामद हुए हैं।
इस मामले को लेकर शनिवार को डीएसपी धीरज कुमार ने सिटी थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि 23 अगस्त को आरोपियों को बड़सी गेट के समीप से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करके दो दिन के रिमांड पर लिया है। योगेश व विवेक की दोस्ती अलवर जेल में बंद आरोपी रोमियो के साथ है। रोमियो की दोस्ती कुशल के साथ है। कुशल की जान पहचान अनिल व मोहित के साथ है। डीएसपी ने बताया कि कुशल ने रोमियो के साथ मिलकर हांसी में गैस एजेंसी मालिक व होटल संचालक से लूट की वारदात की योजना बनाई थी। कुशल ने ही योगेश और विवेक को लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए पिस्टल दिया था। कुशल अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है ।
डीएसपी ने बताया कि चारों आरोपियों को मालूम था कि व्यापारी किस समय नकदी लेकर गैस एजेंसी व होटल से निकलते हैं। डीएसपी ने बताया कि आरोपियों को कहा गया था कि लूट की वारदात के दौरान व्यापारी उन्हें रुपये देने से मना करें तो उसको गोली मार देना। वारदात को अंजाम देने के लिए अनिल व मोहित ने हिसार रेड स्कवेयर मार्केट से मोटरसाइकिल भी चोरी किया था। वारदात को अंजाम देने से पहले ही आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
मास्टर माइंड रोमियो पर हांसी में हुए डबल मर्डर का भी आरोप
डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि गैस एजेंसी व होटल मालिक से लूट की योजना बनाने का मास्टरमाइंड रोमियो अलवर जेल में बंद है। करीब एक साल पहले पहले हांसी में हुए डबल मर्डर केस में रोमियो आरोपी था। रोमियो ने अपने साथियों के साथ मिलकर वकील बंटी की पत्नी सुप्रिया और मां गीता की गोली मार कर हत्या कर दी थी। इस वारदात के अगले ही दिन सुबह आरोपियों ने एक डेयरी संचालक को भी गोली मार दी थी।