हिसार। सोशल मीडिया पर हथियारों संग फोटो पोस्ट कर हथियार दिलाने के नाम पर 53,900 रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में साइबर थाना पुलिस ने तीन आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान सिरसा के धुक्कावाली गांव निवासी संदीप कुमार और रवि कुमार के रूप में हुई है।
जांच अधिकारी एएसआई राजाराम ने बताया कि साइबर थाना में पोर्टल से शिकायत प्राप्त हुई, जिसमें आदमपुर निवासी प्रमोद ने 53,900 रुपये की ठगी के बारे में बताया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता हथियार का लाइसेंस बनवाने के लिए सोशल मीडिया पर सर्च कर रहा था। इसी दौरान इंस्टाग्राम पर देवेंद्र घुक्कावाली के संपर्क में आया। देवेंद्र के कहने पर क्यूआर कोड स्कैन कर हथियार के लिए 53 हजार 900 रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब पॉलिथीन खोला तो उसने हथियार नहीं पत्थर के टुकड़े मिले। इसके बाद रवि और संदीप ने उसे गुमराह किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर उक्त तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर दो आरोपियों को पकड़ लिया है। एएसआई राजाराम ने बताया कि दोनों आरोपियों पर थाना औढ़ा, सिरसा में एनडीपीएस और शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज हैं। आरोपी रवि मार्च 2023 और संदीप मई 2023 में अफीम और अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किए गए थे। अभी अदालत से जमानत पर थे। संवाद