आदमपुर क्षेत्र के गांव खारा बरवाला में हुई युवक रजनीश की हत्या के मामले में 24 घंटे के अंदर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव के ही जयराम और अक्षय जाजूदा के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी अक्षय जाजूदा के खिलाफ पहले से लड़ाई-झगड़े के दो मामले दर्ज है।
रंजिश के चलते तेजधार हथियार व डंडों से किया हमला
आदमपुर थाना प्रभारी हरीश कुमार ने बताया कि इस संबंध में मृतक रजनीश के भाई गौतम के बयान पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार उसके भाई रजनीश व विष्णु की गांव के ही जयराम, अक्षय जाजूदा के साथ काफी समय से रंजिश चल रही थी। 13 सितम्बर की रात वह अपने भाई रजनीश के साथ मोटरसाइकिल पर मंडी आदमपुर से दूध लेकर अपने घर खारा बरवाला जा रहे थे। मोटरसाइकिल में हवा कम होने के कारण उन्होंने पंवार फिलिंग स्टेशन पर मोटरसाइकिल रोक ली। इसी दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर तेजधार हथियारों व लाठी डंडों से उन पर हमला कर दिया। हमले में रजनीश की मौत हो गई।
मृतक भी था हिस्ट्रीशीटर, खिलाफ दर्ज थे 6 आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मृतक रजनीश के खिलाफ लड़ाई-झगड़े एवं चोरी से संबंधित कुल 6 आपराधिक मामले दर्ज थे तथा वह पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर था। पुलिस द्वारा मृतक के आपराधिक रिकॉर्ड तथा वारदात के पीछे के संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
चार पुलिस टीमों ने 24 घंटे में आरोपियों को दबोचा
थाना प्रभारी हरीश कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हिसार पुलिस की चार विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा अन्य तकनीकी एवं विश्वसनीय स्रोतों की सहायता से आरोपियों की तलाश तेज की।
वारदात के 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात के संबंध में गहनता से पूछताछ की जाएगी तथा वारदात में प्रयुक्त तेजधार हथियारों एवं अन्य सामान की बरामदगी की जाएगी। साथ ही वारदात में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।