बरवाला (हिसार)। गांव सुलखनी में सोमवार रात को स्कॉर्पियो सवार दो युवकों ने खुद को आरटीओ बताते हुए ट्रक चालक को रोककर उसके साथ मारपीट करते हुए 35 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर स्कॉर्पियो गाड़ी के नंबर के आधार पर गांव घिराय निवासी नवीन को गिरफ्तार कर मंगलवार को अदालत में पेश किया। जहां से अदालत ने उसे जेल भेज दिया।
पुलिस को दी शिकायत में ट्रक चालक रामनिवास ने बताया कि वह देर रात अपनी गाड़ी लेकर टोहाना गया था। वहां से माल खाली कर गाड़ी लेकर वापस आ रहा था। इस दौरान जब वह गांव सुलखनी की फिरनी के पास पहुंचा तो एक स्कॉर्पियो ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। गाड़ी से 28-30 साल का युवक उतरा। उसने खुद को आरटीओ अधिकारी बताया और कागज मांगे। युवक शराब के नशे में था। दस्तावेज दिखाने को लेकर ट्रक चालक ने कारण पूछा तो युवक बहस करने लगा। इसी दौरान स्कॉर्पियो में बैठा दूसरा युवक बाहर आया। वह ट्रक के पायदान पर चढ़ गया और ट्रक चालक का गला पकड़कर थप्पड़ मारने लगा।
शोर सुनकर गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंचे। इस दाैरान ट्रक चालक रामनिवास की शर्ट की जेब से आरोपी 35 हजार रुपये निकालकर स्कॉर्पियो में बैठ गया। इसके बाद चालक स्कॉर्पियो गाड़ी को घिराय की ओर भगा ले गया। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी तनुज शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।