पुलिस ने शनिवार रात 11 बजे से रविवार तड़के चार बजे तक रात्रि गश्त
अभियान चलाया। इसके तहत पूरे जिले की पुलिस सड़क पर उतर आई। पुलिस ने हर
आने-जाने वाले वाहन और लोगों को रुकवाया।
संदिग्ध वाहनों और लोगों की तलाशी
ली। पुलिस ने फतेहाबाद से बेेरिगेड्स तोड़कर आए एक ट्रक को अग्रोहा में
पकड़ा और फिर उसे फतेहाबाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के इस अभियान से
सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों में हड़कंप मच गया।
एसपी अश्विन शैणवी खुद वर्दी में शहर में अनेक जगह टीम के साथ नजर आए।
भारी संख्या में पुलिसकर्मी कैंप चौक, फव्वारा चौक, लक्ष्मी बाई चौक,
पारिजात चौक, नागोरी गेट, तलाकी गेट, क्लॉथ मार्केट चौक, पड़ाव चौक,
मिलगेट, जिंदल चौक, कैंची चौक समेत हर रास्ते पर डटे थे।
इसके तहत शहर में
काफी होटलों और धर्मशालाओं की तलाशी भी ली गई, ताकि कोई संदिग्ध व्यक्ति
अपराध की नीयत से किसी वारदात को अंजाम न दे सके। रातभर शहर के चप्पे चप्पे
पर पुलिस कर्मी मौजूद थे। एसपी अश्विन शैणवी, डीएसपी और तमाम थाना प्रभारी
भारी पुलिस बल के साथ सड़क पर थे।
कई लोगों को लगा कि शहर में कोई बड़ी
वारदात हो गई है, जबकि यह आदेश पुलिस के प्रदेश मुख्यालय जारी हुआ था।
रात्रि गश्त के तहत गुप्त तरीके से अभियान चलाया जाता है।
फतेहाबाद से वीटी
के जरिये यहां के कंट्रोल रूम में संदेश भेजा गया था कि इधर एक ट्रक आ रहा
है, जो गायों से भरा है और बेेरिगेड्स तोड़कर हिसार की तरफ आ रहा है। इसके
बाद पुलिस ने अग्रोहा के पास ट्रक को घेरकर कब्जे में ले लिया। बाद में
चालक और ट्रक को फतेहाबाद पुलिस के हवाले कर दिया।
महिला पुलिस भी थी सड़कों पर
रात्रि गश्त पर महिला पुलिस भी सड़कों पर थी। महिला थाना इंस्पेक्टर डॉक्टर
नन्ही देवी को बस स्टैंड के आसपास तैनात किया गया था। रात 11 बजे से लेकर
सुबह 2 बजे तक महिला पुलिस की टीम भी बस स्टैंड सहित आसपास के इलाकों में
गश्त करती रही।