हिसार। अयोध्या के लिए 8 फरवरी को हिसार-अयोध्या धाम-हिसार आस्था स्पेशल ट्रेन चलेगी। ट्रेन हिसार से सुबह 11:05 बजे रवाना होगी, जोकि हांसी, रोहतक, दिल्ली, लखनऊ होते हुए 9 फरवरी को सुबह 5:05 बजे अयोध्या पहुंचेंगी। इसी प्रकार वापसी में ट्रेन 10 फरवरी को अयोध्या धाम से शाम 5:40 बजे चलेगी और 11 फरवरी को दोपहर 1 बजे हिसार रेलवे स्टेशन पर पहुंचेंगी। ट्रेन चलाने को लेकर रेलवे की ओर से एक पत्र भी जारी हुआ है। इस ट्रेन में हरियाणा से करीब 2000 लोग जाएंगे।
विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष रविंद्र गोयल ने बताया कि ट्रेन में भारत विकास परिषद, संघ परिवार, सेवा भारती, स्वदेशी जागरण मंच, विद्यार्थी परिषद से, कार सेवक आदि लोग अयोध्या पहुंचेंगे। ट्रेन चलने को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल बना हुआ है। इसी प्रकार 20 फरवरी को हिसार से श्री खाटू श्याम सालासर बालाजी सेवा समिति की ओर से अयोध्या के लिए बस जाएगी। इसको लेकर श्रद्धालुओं ने सीटों की बुकिंग करवानी शुरू कर दी है। हिसार से बस दोपहर 1 बजे रवाना होगी। इस बस में हिसार के अलावा आदमपुर, फतेहाबाद और सिरसा के श्रद्धालु भी जाएंगे। वहीं, हिसार से अयोध्या के लिए सीधी ट्रेन और रोडवेज बस की सुविधा नहीं है।
बठिंडा-जयपुर ट्रेन 21 को सादुलपुर-चूरू-सीकर होकर संचालित होगी
हिसार। रेलवे द्वारा जयपुर मंडल पर सीकर-नवलगढ़ रेलखंड के मध्य 21 जनवरी को समपार फाटक संख्या 221 पर आरयूबी निर्माण कार्य के लिए ट्रेफिक ब्लॉक लिया जा रहा है। इस कार्य के कारण रेल यातायात प्रभावित रहेगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार गाड़ी संख्या 04703, बठिंडा-जयपुर रेलसेवा 21 जनवरी को बठिंडा से प्रस्थान करेगी। वह रेलसेवा अपने निर्धारित मार्ग वाया सादुलपुर-लोहारू-सीकर के स्थान पर परिवर्तित मार्ग सादुलपुर-चूरू-सीकर होकर संचालित होगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04704, जयपुर-बठिंडा रेलसेवा 21 जनवरी को जयपुर से प्रस्थान करेगी। वह रेलसेवा अपने निर्धारित मार्ग वाया सीकर-लोहारू-सादुलपुर के स्थान पर परिवर्तित मार्ग सीकर-चूरू-सादुलपुर होकर संचालित होगी।