हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे नंबर 9 पर रायपुर रोड के पास गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गुजरात नंबर का 14 टायर वाला डीजल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में आकर बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टैंकर के नीचे एक बाइक सवार पुरुष और महिला दब गए थे। हादसे के बाद तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने राहत कार्य शुरू किया। महिला का शव टैंकर के पास पड़ा हुआ मिला, जिसे निकालकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं, दूसरे व्यक्ति का शव टैंकर के नीचे बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे निकालने में प्रशासन को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
टैंकर में डीजल भरा होने के कारण राहत कार्य में अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है। मौके पर एक बड़ी क्रेन बुलाई गई, लेकिन उससे टैंकर नहीं उठ पाया। इसके बाद दूसरी क्रेन की व्यवस्था की जा रही है।
पुलिस ने एनएच-9 पर यातायात को दोनों ओर से एक ही लेन में डायवर्ट कर दिया और क्षेत्र की बेरिकेडिंग कर दी गई है। हादसे के बाद चार PCR वैन मौके पर पहुंची और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है और बाइक का नंबर भी सामने नहीं आया है। पुलिस ने बताया कि टैंकर चालक हादसे के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है।
सदर थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि टैंकर को हटाने में लगभग दो घंटे लग सकते हैं। प्रशासन और बचाव टीम मौके पर डटे हुए हैं और हर संभव प्रयास जारी है।