नारनौंद (हिसार)। गांव माढ़ा के पास सड़क पर गड्ढे के कारण एक ट्रैक्टर चालक का संतुलन बिगड़ गया जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गए। ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मृतक के मामा के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया।
गामड़ा निवासी रमेश ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी बहन सुदेश व उसके बच्चे कई वर्षों से उसके पास गांव गामड़ा में ही रहते हैं। उसकी बहन के तीन बच्चे थे। इसमें बड़ा बेटा आदित्य मतलोडा निवासी रामनिवास के ट्रैक्टर पर चालक की नौकरी करता था। आदित्य गगनखेड़ी में ईंट उतारकर वापस भोला भट्ठा पर आ रहा था। गांव माढ़ा के पास मोड़ पर सड़क पर गड्ढा होने के कारण ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर-ट्राॅली पलट गए। इसके कारण आदित्य ट्रैक्टर के नीचे दब गया और वह बुरी तरह से जख्मी हो गया। इसके बाद राहगीरों ने उसको इलाज के लिए नारनौंद के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जूई नहर में कुत्ते को नहलाता युवक।