हिसार। संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्यों ने मंगलवार को जजपा के प्रदेश महासचिव दिग्विजय चौटाला पर गुंडागर्दी करने का आरोप लगाया। प्रतिनिधिमंडल ने डीसी को सौंपे ज्ञापन में दिग्विजय चौटाला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस बारे में 13 मई को बैठक बुलाकर आगामी फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी बदमाशी का जवाब वोट की चोट से देंगे।
लघु सचिवालय के बाहर चल रहे धरने पर शमशेर नम्बरदार, सोमबीर पिलानियां की अध्यक्षता में बैठक हुई। सोमवार को जजपा प्रत्याशियों को काले झंडे दिखाने की घटना के समय हुए हंगामे पर मंथन किया गया। शमशेर नंबरदार ने कहा कि सोमवार को जजपा प्रत्याशी नैना चौटाला नामांकन करने पहुंचीं तो किसानों ने अपने पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार शांति पूर्वक विरोध किया। किसान उनसे सवाल पूछना चाहते थे। उनकी गाड़ी को काले झंडे दिखाकर किसान वापस बैठ गए थे। करीब दो घंटे बाद जजपा के प्रदेश महासचिव दिग्विजय चौटाला कार्यकर्ताओं के साथ लघु सचिवालय पहुंचे। उन्होंने दबंगता दिखाते हुए धरने पर बैठे किसान और मजदूरों के साथ बदतमीजी की। किसानों को उकसाने के लिए भरसक प्रयास किया। किसान, मजदूरों का अपमान किया, ऐसी दबंगई किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। दिग्विजय चौटाला का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें यू ट्यूब वाले युवा के सवाल पर उसे कांग्रेसी कहते सुनाई दे रहे हैं।