हिसार। महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का जिम्मा लिए प्रेरणा क्लब पिछले एक साल से समाज सेवा का जज्जा रखने वालों के लिए प्रेरणास्रोत बना है। महिलाओं के उत्थान और जागरूकता के क्षेत्र में काम कर रहे क्लब का उद्देश्य घर पर रहने वाली महिलाओं को सशक्त मंच प्रदान करना है, ताकि समाज में अपनी आवाज उठा सकें और अपने विचारों को व्यक्त कर सकें।
क्लब की संस्थापक अध्यक्ष रमा वर्मा बताती हैं कि क्लब की ओर से महिलाओं को मंच प्रदान करते हैं ताकि वे न सिर्फ अपनी बात कह सकें, बल्कि अपनी परेशानियों का समाधान भी ढूंढ सकें। महिलाएं अपने सपनों को सच करें, चाहे व्यवसाय शुरू करने की बात हो या किसी विशेष कौशल को सीखने की। हर महीने क्लब की ओर से संगोष्ठियों का आयोजन किया जाता है, जहां महिलाओं को विशेष विषय पर अपने विचार व्यक्त करने का मौका मिलता है।
ऐसी गतिविधियों से महिलाओं का न केवल आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि एक-दूसरे से सीखने का भी अवसर मिलता है। प्रेरणा क्लब में वर्तमान में 60 महिलाएं जुड़ीं हैं। हर त्योहार को पूरे हर्षोल्लास के साथ सामूहिक रूप से मनाया जाता है। क्लब द्वारा सामाजिक कार्यों में अंध महाविद्यालय के बच्चों का जन्मदिन मनाना और भाग्य श्री आश्रम में जरूरतमंद बुजुर्गों को समान देना शामिल है।