जिले के कॉलेजों में पहली मेरिट लिस्ट वीरवार को जारी की जाएगी। इसके लिए उच्चतर शिक्षा विभाग ने तैयारियां कर ली हैं। इस बार प्रत्येक कॉलेज में फीस केवल ऑनलाइन ली जाएगी। उच्चतर शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी कॉलेजों को सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं। ये दिशा-निर्देश सरकारी, सह सरकारी और निजी सभी तरह के कॉलेजों पर लागू होंगे। किसी भी कॉलेज में अन्य माध्यम से फीस ली गई तो कॉलेज पर विभाग सख्त कार्रवाई करेगा। प्रदेश भर के कई कॉलेजों में लगातार हुई अनियमितताओं की शिकायत को लेकर उच्चतर शिक्षा विभाग ने यह फैसला लिया है।
जिले के 24 कॉलेजों में हैं करीब 16 हजार सीटें
जिले के 24 कॉलेजों में विभिन्न कोर्सों में करीब 16 हजार सीटें हैं, जिनके लिए विद्यार्थियों ने लगभग एक लाख आवेदन किए हैं। अकेले शहर के छह कॉलेजों में ही 50 हजार के करीब विद्यार्थियों ने आवेदन किए थे। प्रत्येक विद्यार्थी ने 5 कॉलेजों में आवेदन किए। ऐसे में विद्यार्थी लगातार मेरिट लिस्ट जारी होने का इंतजार कर रहे हैं। वीरवार को यह इंतजार खत्म होगा और उच्चतर शिक्षा विभाग पहली मेरिट लिस्ट जारी करेगा। इस मेरिट लिस्ट के अनुसार विद्यार्थी कॉलेजों में ऑनलाइन फीस भरकर दाखिला ले सकेंगे।
पिछली बार से अधिक जा सकती है लिस्ट
विशेषज्ञों के अनुसार, इस बार जिले के प्रमुख कॉलेजों की मेरिट लिस्ट पिछले वर्षों की तुलना में अधिक जाने की संभावना है। सीबीएसई की 12वीं की परीक्षा में इस बार विद्यार्थियों ने अपेक्षाकृत अधिक अंक हासिल किए हैं। वहीं, हरियाणा बोर्ड के विद्यार्थी भी इस बार तुलनात्मक रूप से अधिक संख्या में पास हुए। ऐसे में प्रमुख कॉलेजों में प्रतिस्पर्धा बढ़ना तय है। राजकीय पीजी कॉलेज हिसार में बीए की कट ऑफ 92 प्रतिशत से अधिक रहने की संभावना है।