हिसार। मंदिरों में 31 अक्तूबर वीरवार को श्याम मंदिर सेक्टर 16 /17 में दिवाली पर्व मनाया जाएगा। श्री श्याम प्रभु को विशेष पोशाक पहनाई जाएगी। बंगलुरु से आए फूलों का आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। दिवाली उत्सव पर मंदिर को रंग-बिरंगी लड़ियों से सजाया गया है। भक्त सैंकडों दीप जलाकर मंदिर परिसर में दीपमाला बनाएंगे। मंदिर कमेटी पदाधिकारी त्रिलोक बंसल ने बताया कि गोर्वधन पूजा पर 2 नवंबर को भोग पश्चात दोपहर 12 बजे से भक्तों में अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया जाएगा ।
उधर, श्रीराम भक्त हनुमान मंदिर समिति गली नंबर 2 जवाहर नगर में 2 नवम्बर को गोवर्धन पूजा व अन्नकूट पर्व का आयोजन किया जाएगा। समिति के प्रधान इन्द्र चंद राठी ने बताया कि इस दिन प्रात: 10:30 बजे परिक्रमा की जाएगी। गोवर्धन पूजा दोपहर 12:15 बजे, छप्पन भोग दोपहर एक बजे व अन्नकूट प्रसाद का वितरण सवा एक बजे से किया जाएगा। नगर के अनेक गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
प्रभात फेरी मंदिर, कुंजलाल गार्डन में अन्नकूट प्रसाद का वितरण 2 को
अन्नकूट पर्व के उपलक्ष्य में जयश्री राम प्रभात फेरी मंदिर कुंजलाल गार्डन में 2 नवम्बर को दोपहर 12 बजे से अन्नकूट प्रसाद का वितरण किया जाएगा। मंदिर के सेवादार किशनलाल बागड़ी व मनोहर लाल नांगरू ने बताया कि अन्नकूट का प्रशाद के लिए बर्तन अवश्य लेकर आएं। अग्रवाल सेवा समिति अर्बन एस्टेट की ओर से अन्नकूट का महाप्रसाद वितरण 2 नवंबर को अर्बन एस्टेट स्थित शास्त्री पार्क में किया जाएगा। समिति के प्रधान जय कुमार, प्रवक्ता सजंय डालमिया ने बताया कि वर्ष 2000 से समिति गोवर्धन पूजा के उपरांत 11 बजे कढ़ी चावल, पूरी, हलवा, बाजरा व मिक्स सब्जी का प्रसाद वितरण किया जाएगा।