नारनौंद। क्षेत्र में रविवार रात एक युवक ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के छोटे भाई ने अपनी भाभी, भाभी के भाई और बहनोई पर मानसिक प्रताड़ना और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक मृतक के छोटे भाई ने रिपोर्ट में बताया कि उसके भाई की शादी 15 वर्ष पहले हुई थी।
उसके दो बच्चे हैं। पिछले कुछ सालों से भाभी उसके भाई को प्रताड़ित कर रही थी। वह बच्चों सहित मायके चली गई। भाभी का कहना था कि जमीन और मकान उसके नाम नहीं किए तो वह घर नहीं लौटेगी। करीब एक महीने पहले उसके भाई को पता चला कि उसके खिलाफ जींद कोर्ट में केस दर्ज करवा दिया है। इससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा और रविवार रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। नारनौंद थाने के एसआई जसवीर सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी सहित तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शव का हांसी के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।