हरियाणा के हिसार जिले हांसी में पुलिस को रात में गश्त के दौरान कार सवार तीन युवकों से 37 लाख रुपये व 20 महंगे मोबाइल मिले। तीनों युवकों को काबू कर पूछताछ की जा रही है। वहीं नकदी व मोबाइल को कब्जे में ले लिया। नकदी के मामले में आयकर विभाग जांच करेगा। एसपी मकसूद अहमद द्वारा पत्रकार वार्ता कर यह जानकारी दी गई। पत्रकार वार्ता में एसपी ने बताया कि बीती रात में रात को पुलिस पेट्रोलिंग करती है।
पीसीआर तीन को रात में एक वेन्यू कार पुलिस को संदेहजनक लगी। कार में तीन युवक बैठे हुए थे। जिसको रूकवाकर पुलिस ने छानबीन की तो कार में 37 लाख 60 हजार रुपये नकद व 20 मोबाइल फोन बरामद हुए। नकदी व मोबाइल के बारे में तीनों युवकों से पूछताछ की गई तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
उन्हें पूछताछ के लिए पुलिस चौकी में ले जाया गया। पैसे व मोबाइल को पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया। पुलिस द्वारा पूछताछ में तीनों ने बताया कि वह ऑनलाइन मोबाइल खरीदते थे। ऑनलाइन साइट जैसे अमेजॉन, फ्लिपकार्ट पर सेल के दौरान मोबाइल खरीदते हैं।
जब उनके पास यह मोबाइल 30-35 की संख्या में एकत्रित हो जाते थे तो उन्हें दिल्ली में ले जाकर बेच देते थे। वह मंगलवार को दिल्ली में मोबाइल बेच कर आए थे, वहां से उन्हें यह पैसा मिला था। नकदी के संदर्भ में उनके पास कोई बिल नहीं मिला। एसपी ने बताया कि इस बारे में रोहतक में आयकर विभाग के डिप्टी कमिश्नर को सुचना दे दी है। नकदी के मामले में कारवाई आयकर विभाग करेगा। वहीं इन मोबाइल के लिए युवकों से बिल मांगे गए हैं।
साथ ही पुलिस द्वारा यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह मोबाइल फोन किस साइट से खरीदे थे और कब खरीदे थे। एसपी ने बताया कि तीनों जांच में सहयोग कर रहे हैं। इन तीनों युवकों की पहचान गांधी कॉलोनी निवासी अखिल, यश भयाना व जय सोनी के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि युवकों का कहना है कि उनके पास बिल है। इस बारे में पूछताछ की जा रही है। तीनों युवकों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।