हिसारा। शहर के वार्ड 11 से 20 में सफाई कर्मचारी व संसाधन दोनों बढ़ने के बाद भी सफाई व्यवस्था बेपटरी नजर आ रही है। वहीं वार्ड 1 से 10 में भी सड़कों पर कई-कई दिनों तक झाड़ू नहीं लग रही है। शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षदों ने जल्द बैठक करने का फैसला किया है।
बता दें कि पिछले दिनों नगर निगम ने वार्ड 1 से 10 में घरों से कचरे का उठान के काम को ठेके पर दे दिया। इस व्यवस्था के लागू से होने से इन वार्डों में निगम की कचरा उठाने वाली गाड़ियां खाली हो गईं। निगम ने इन सभी गाड़ियों को वार्ड 11 से 20 में लगा दिया। अब वर्तमान में 11 से 20 वार्ड में निगम के 44 टिप्पर की मदद से घरों से कचरा उठाया जा रहा है, जबकि पहले इन वार्डों में लगे टिप्पर की संख्या आधी थी।
एक-एक सप्ताह तक घरों से नहीं उठाया जा रहा कचरा
गाड़ियों की संख्या बढ़ने के बाद भी वार्ड 11 से 20 में प्रतिदिन घरों से कचरे का उठान नहीं किया जा रहा है। कई जगह हालात ऐसे हैं कि सप्ताह में एक बार ही घरों से कचरे का उठान हो रहा है। ऐसे में लोग या तो खुले में कचरा डाल रहे हैं या फिर उसे जला रहे हैं। इसके अलावा सड़कों पर भी कई-कई दिनों बाद झाडू लग रही है।
ठेके के बावजूद वार्ड 1 से 10 में सफाई व्यवस्था बदहाल
उधर वार्ड 1 से 10 में घरों के कचरा उठाने की व्यवस्था ठेके पर देने के बाद भी सफाई व्यवस्था में कोई खास सुधार नजर नहीं आया है। वार्डवासियों की मानें तो सड़कों की सफाई करने वाले कर्मचारी दिखाई ही नहीं देते। इस कारण सड़कों पर कचरा जमा होता रहता है। कई बार तो कचरे के ढेर भी लग जाते हैं।
शहर की सफाई व्यवस्था का हाल काफी बुरा है। न तो सड़कों की ठीक से सफाई हो रही है और न ही घरों से प्रतिदिन कचरे का उठान हो रहा है। जल्द ही इसे लेकर पार्षदों की बैठक बुलाई जाएगी।
अनिल जैन, चेयरमैन, सेनिटेशन सब कमेटी
ठेके के बाद से घरों से कचरा तो नियमित रूप से उठ रहा है, लेकिन झाड़ू वाले कहीं दिखाई नहीं देते। इस कारण सड़कों पर काफी गंदगी फैली रहती है।
उमेद खन्ना, पार्षद, वार्ड 6
न तो प्रतिदिन घरों से कचरा उठाया जा रहा है और न ही झाडू लग रही है। वार्डवासी गंदगी के कारण काफी परेशान है।
अमित ग्रोवर, पार्षद, वार्ड 14