हिसार। दसवीं कक्षा की छात्रा का पीछा कर उसे धमकाने और अश्लील हरकतें करने के मामले में अदालत ने दोषी युवक को तीन साल की सजा और 10 हजार जुर्माने की सजा सुनाई है। एडीजे सुनील जिंदल की अदालत ने शनिवार को मामले की सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया।
पुलिस को दी शिकायत में 16 वर्षीय पीड़िता ने बताया था कि वह स्कूल जाती थी तो एक युवक लगातार उसका पीछा करता था। कई बार रास्ते में रोककर धमकी देता था कि यदि उसने उससे बात नहीं की तो वह उसे जान से मार देगा या उस पर तेजाब फेंक देगा। डर के माहौल में आरोपी ने पीड़िता को मोबाइल फोन भी थमा दिया और उससे बात करने को मजबूर किया। फोन पर अश्लील बातें करने और मना करने पर धमकाने लगा।
पीड़िता ने डर के कारण यह बात अपने परिजनों को नहीं बताई। लेकिन जब युवक की हरकतें बढ़ती गईं और उसने सोशल मीडिया पर उसकी फोटो अपलोड कर बदनाम करने की कोशिश की, तो परिजनों को मामला पता चला। इसके बाद वे पीड़िता को लेकर पुलिस के पास पहुंचे।शिकायत के आधार पर पुलिस ने वर्ष 2021 में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया था। सबूतों और बयानों के आधार पर अदालत ने उसे दोषी करार देते हुए 3 साल की सजा सुनाई।