हरियाणा में फतेहाबाद के गांव माजरा में मंगलवार रात बोलेरो ने बाइक सवार एक युवक को कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उधर, रतिया और भट्टूकलां में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हिसार निवासी सुभाष चंद्र (27) मंगलवार रात अपने दोस्त रमेश के साथ बाइक से फतेहाबाद आ रहे थे। बाइक सुभाष चंद्र चला रहे थे।
जब बाइक गांव माजरा पहुंची तो सामने से तेजगति से आ रही बुलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे सुभाषचंद्र संतुलन खो बैठे और दोनों सवार सड़क पर जा गिरे।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गये। आसपास के लोगों ने दोनों को फतेहाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने सुभाषचंद्र को मृत घोषित कर दिया जबकि रमेश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हिसार रेफर कर दिया गया।
वहीं दूसरी ओर रतिया के गांव रतनगढ़ में तेजगति से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार रतिया निवासी निर्भय (29) की मौत हो गई।
पुलिस ने निर्भय के परिजनों की शिकायत पर आरोपी ट्रक चालक पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक अन्य सड़क हादसे में भट्टूकलां के गांव किरढान निवासी दलीप पुत्र मूलाराम की मौत हो गई।