गांव बड़सी निवासी युवक बिट्टू की मौत के मामले में नामजद सदर पुलिस में तैनात तीनों कर्मचारियों को एसपी विरेंद्र सांगवान ने लाइन हाजिर कर दिया है। डीएसपी राजबीर सैनी ने बताया कि जांच के दौरान एएसआई जगबीर सिंह, एएसआई राजबीर व हेड कांस्टेबल सीमा को लाइन हाजिर किया गया है। जो जांच में आएगा, उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि करीब दो माह पहले पुलिस को दी शिकायत में हांसी के एक क्षेत्र वासी व्यक्ति ने उसकी नाबालिग लड़की की गुमसुदा की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। शिकायत में किशोरी के पिता ने आरोप लगाया था कि बड़सी का रहने वाला एक लड़का उसकी बेटी को भगा कर ले गया। इस मामले को लेकर हांसी सदर पुलिस ने जांच शुरू की और लड़के के भाई व पिता को तफ्तीश में शामिल किया। परिजनों का आरोप था कि पुलिस ने लड़के के भाई बिट्टू को तीन दिन तक अवैध रूप से हिरासत में रखा व उसे टॉर्चर किया। इसके बाद युवक जब घर आया तो उसने पुलिस के टॉर्चर करने से परेशान होकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में बिट्टू को हिसार के निजी अस्पताल में लाया गया, जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।