हिसार। तोशाम रोड पर आईटीआई के पास तीन दोस्तों पर कुछ युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घायलों को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने गांव कैमरी के सन्नी, पवन सहित 7-8 अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अर्बन एस्टेट थाने से जांच अधिकारी विजयपाल के अनुसार, पुलिस को दी शिकायत में कैमरी गांव निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि वह 27 फरवरी को करीब साढ़े चार बजे गांव के बिजेंद्र और सूर्य नगर के विशाल के साथ आईटीआई चौक के पास पार्टी कर रहा था। गांव का पवन अपने साथियों के साथ तीन-चार बाइक पर सवार होकर आया और उनके साथ झगड़ने लगा। विरोध करने पर पवन और उसके साथी ने डंडों से हमला कर दिया। बीच बचाव करने आए बिजेंद्र व विशाल पर भी हमला कर दिया। लोगों की भीड़ ने उन्हें हमलावरों से बचाया। वह उपचार के लिए ऑटो में सवार होकर नागरिक अस्पताल जा रहे थे। जैसे ही टाउन पार्क के पास पहुंचे तो आरोपी वहां भी पहुंच गए और ऑटो को रुकवा कर दोबारा से मारपीट की। आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। कृष्ण ने बताया कि इस घटना में उसके दोनों हाथ में फ्रैक्चर आया है।