हिसार। बीएंडआर के तीन बड़े प्रोजेक्ट की राह में जमीन रोड़ा बन गई है। ये प्रोजेक्ट सड़क निर्माण से संबंधित हैं। तीनों प्रोजेक्ट के निर्माण स्थल पर पेड़ खड़े हैं, जिन्हें काटा जाना जरूरी है। बीएंडआर को वन विभाग से पेड़ काटने की अनुमति तभी मिलेगी, जब वह उसे बदले में जमीन देगा। ऐसे में जब तक बीएंडआर को जमीन नहीं मिलेगी तब तक ये प्रोजेक्ट सिरे नहीं चढ़ सकेंगे।
शहर में तोशाम रोड से राजगढ़ रोड तक डाबड़ा माइनर पर सड़क का निर्माण किया जाना है। मगर मौके पर 500 से ज्यादा पेड़ लगे हुए हैं। वन विभाग ने इन पेड़ों की कटाई की एवज में बीएंडआर से 6 एकड़ जमीन मांगी हुई है।
वहीं बालसमंद नहर के साथ-साथ तोशाम रोड से कैमरी रोड पर सड़क का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। इस रोड निर्माण के लिए मौके पर लगे 200 से ज्यादा पेड़ काटने पड़ेंगे। इसके अलावा सपरा अस्पताल से गंगवा बाईपास तक राजगढ़ रोड का पुनर्निर्माण किया जाना है। इसमें कुछ हिस्सा फोरलेन भी किया जाएगा, जो फिलहाल टू लेन है। इस प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ाने के लिए काफी पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलानी पड़ेगी।
जमीन की गई चिह्नित पर मिली नहीं
बीएंडआर ने तीनों प्रोजेक्ट के लिए जमीन चिह्नित कर ली है लेकिन अभी यह जमीन बीएंडआर को नहीं मिली है। राजगढ़ रोड के लिए बीएंडआर ने बासड़ा गांव में पंचायत की जमीन चिह्नित की है। इसके लिए पंचायत ने सहमति भी दे दी है। बीएंडआर यह जमीन कलेक्टर रेट पर लेगा। इसके अलावा डाबड़ा माइनर व बालसमंद नहर प्रोजेक्ट के लिए गांव डाया व तेलनवाली गांव में पंचायत विभाग से 30 एकड़ जमीन मांगी है। हालांकि दोनों पंचायतों ने यहां पेड़ लगाने के लिए प्रस्ताव पास कर दिया है। मगर पंचायत विभाग के एसीएस की मंजूरी के बाद ही बीएंड को यह जमीन मिलेगी।
-
यह होगा फायदा
डाबड़ा माइनर पर सड़क बनने से दिल्ली रोड पर वाहनों का बोझ कम होगा। साथ ही दिल्ली रोड पर लगने वाले जाम से भी कुछ हद तक राहत मिलेगी। बालसमंद नहर के साथ-साथ रोड का निर्माण होने से तोशाम रोड पर आधार अस्पताल के पीछे बसी कॉलोनियों के लोगों को रास्ता मिलेगा। वहीं राजगढ़ रोड के पुनर्निर्माण से आजाद नगर एरिया के लोगों का आवागमन सुविधाजनक हो जाएगा।
तीनों प्रोजेक्ट के लिए जमीन लेने की प्रक्रिया चल रही है। जैसे ही जमीन हमारे विभाग को मिल जाएगी, वैसे ही हम इस जमीन को वन विभाग को दे देंगे। हमारी तरफ से वन विभाग में एनओसी के लिए आवेदन किया हुआ है।
- जतिन खुराना, एक्सईएन, बीएंडआर।