हिसार। श्री कुरुक्षेत्र गोशाला की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री करवाने के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने तीन आरोपियों पनिहारी निवासी मुकेश, धान्सू वासी श्यामसुंदर और रायपुर मार्ग निवासी जयवीर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को मंगलवार अदालत में पेश किया, जहां से श्यामसुंदर और मुकेश को दो दिन के रिमांड पर लिया है, जबकि एक को जेल भेज दिया। इस संबंध में 5 मई 2023 को सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज किया था।
जांच अधिकारी एएसआई संजय कुमार ने बताया कि धान्सू निवासी श्याम सुंदर प्रॉपर्टी डिलिंग का काम करता है। श्याम सुंदर ने पनिहारी निवासी मुकेश और रायपुर मार्ग निवासी जयवीर के साथ मिलकर गोशाला की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री करवाई थी। श्याम सुंदर को जानकारी थी कि गोशाला की जमीन काफी दिनों से जेठू राम के नाम से थी। जयवीर को जेठू राम बनाया और जमीन की रजिस्ट्री के लिए तहसील में पेश कर उपरोक्त गोशाला की जमीन की रजिस्ट्री पनिहारी निवासी मुकेश की पत्नी अनिता के नाम करवा दी। जबकि यह जमीन श्री कुरुक्षेत्र गोशाला के नाम दान की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि रजिस्ट्री में वर्णित विक्रेता जेठूराम का आधार व पता फर्जी है। रजिस्ट्री अनुसार बरवाला का पता बताया गया जोकि जांच करने पर उस जगह नहीं मिला। राजस्व रिकार्ड के अनुसार विक्रेता की उम्र 90 वर्ष से अधिक होनी चाहिए जबकि रजिस्ट्री में जो फोटो थी वह उस से मेल नहीं खा रही थी। आरोपी श्याम सुंदर पर पहले भी धोखाधड़ी के मामलों में शामिल रहा है।