हिसार। हरियाणा शिक्षा विभाग का एमआईएस पोर्टल सही से नहीं चलने के कारण सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के दाखिले करने में शिक्षकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एमआईएस पोर्टल का सर्वर धीमी गति से चल रहा है। शिक्षकों के ट्रांसफर करने की प्रक्रिया तो सही चल रही है लेकिन विद्यार्थियों का डाटा ऑनलाइन करने में सर्वर काम नहीं कर रहा है।
हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के प्रदेश महासचिव प्रभु सिंह ने बताया कि फेमिली आईडी के कारण हरियाणा से बाहर के विद्यार्थियों का दाखिला एमआईएस पोर्टल नहीं उठा रहा है, क्योंकि सरकार की गाइड लाइन के अनुसार फेमिली आईडी का होना अनिवार्य है। ऐसे में हरियाणा में लेबर साइट जैसे ईंट भट्ठा, फैक्टरी व अन्य जगहों पर रहने वाले दूसरे राज्यों के मजदूरों की फैमिली आईडी नहीं है। लेकिन एमआईएस पोर्टल हरियाणा की फेमिली आईडी मांग रहा है। ऐसे में इन बच्चों के दाखिले एमआईएस पोर्टल पर अपडेट नहीं हो रहे हैं।
वहीं बाल वाटिका कार्यक्रम के तहत भी 4 साल से साढ़े 5 साल के छोटे बच्चों के दाखिले भी एमआईएस पोर्टल पर नहीं हो रहे हैं। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमारी ने बताया कि एमआईएस पोर्टल पर अपडेशन का कार्य चल रहा है। निदेशालय के जो नियम हैं उनके अनुसार सभी विद्यार्थियों के दाखिले किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर फिर भी विद्यार्थियों के दाखिले में कोई समस्या आती है तो उसको ठीक करवाया जाएगा।