हिसार। नेशनल हाईवे अथॉरिटी (एनएचएआई) की लापरवाही व जिला प्रशासन की अनदेखी के कारण राजकीय बहुतनीकी संस्थान के पास तो सर्विस लेन का निर्माण नहीं हो पाया। इस कारण दिल्ली बाईपास स्थित राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के 3 हजार विद्यार्थी और स्टाफ सदस्य रोजाना जान जोखिम में डालने को मजबूर हैं।
संस्थान के प्राचार्य ने बताया कि एनएचएआई का कहना है कि पहले वाले कॉन्ट्रेक्टर का ठेका पूरा हो चुका है। अब नया ठेकदार आने के बाद ही सर्विस लेन बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि दिल्ली बाईपास पर राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के पास ही राजकीय महिला महाविद्यालय भी स्थित है। छुट्टी होने के बाद करीब 3 हजार विद्यार्थी अपने घर के जाने के लिए हाईवे से पैदल ही गुजरते हैं। ऐसे में हादसा होने का डर रहता है।
बहुतकनीकी संस्थान की ओर से पिछले करीब 10 सालों से सर्विस लेन बनाने की मांग उठाई जा रही है, लेकिन अभी तक जिला प्रशासन से लेकर किसी भी राजनेता ने संस्थान प्रबंधन की इस मांग को प्रमुखता से नहीं लिया। संस्थान के शिक्षकों का कहना है कि अगर सर्विस लेन का निर्माण हो जाता है तो तीन हजार विद्यार्थियों से सहित 500 टीचिंग व नॉन टीचिंग के कर्मचारियों को भारी राहत मिलेगी। बहुतकनीकी संस्थान के विद्यार्थियों ने संस्थान के मेनगेट से लेकर जहाज पुल चौक तक व महिला महाविद्यालय के सामने तक सर्विस लेन बनाने की मांग की है। विद्यार्थियों ने कहा कि अगर यहां पर सर्विस लेन बन जाती है तो वे सर्विस लेन पर बिना दुर्घटना के डर के पैदल चल सकेंगे।
परेशानी : बहुतकनीकी संस्थान से करीब 300 मीटर दूर है हाईवे पर कट
बरवाला चुंगी की ओर राजकीय बहुतकनीकी संस्थान की ओर जाने वाले विद्यार्थियों को नेशनल हाईवे पर गलत दिशा में पैदल चलना पड़ता है। वाहन लेकर संस्थान में जाने वाले विद्यार्थियों व स्टाफ सदस्यों को तो ओर भी खतरा रहता है। क्योंकि यहां राजकीय महिला महाविद्यालय के सामने नेशनल हाईवे पर कट है। ये कट बहुतकनीकी संस्थान करीब 300 मीटर दूर हैं। ऐसे में वाहनों को गलत साइड से लेकर जाना पड़ता है। कट पार करके वाहन को काफी दूर तक हाइवे के गलत साइड में चलाना पड़ता है। इससे दुघर्टना होने का खतरा बना रहता है। अगर इस कट से लेकर बहुतकनीकी संस्थान तक व आगे जहाजपुल चौक तक सर्विस लेन बन जाए तो दुर्घटना होने का खतरा समाप्त हो जाएगा।
निकाय मंत्री के संज्ञान में है यह मामला
राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के प्राचार्य अशोक कुमार ने लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित सभा में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता के सामने इस समस्या का उठाया था। इससे पहले नेशनल हाईवे अथॉरिटी से लेकर डीसी, मेयर तक सर्विस लेन बनाने की मांग को उठाया जा चुका है। प्राचार्य ने बताया कि निकाय मंत्री ने सर्विस लेन बनवाने का आश्वासन दिया है।
विद्यार्थियों का तर्क
हमारी जिला प्रशासन व हरियाणा सरकार से मांग है कि हमारे संस्थान के सा-साथ सर्विस लेन बनाई जाए। सर्विस लेन न होने के कारण विद्यार्थियों को आने-जाने में दुर्घटना होने का भय बना रहता है। - मुकेश कुमार छात्र राजकीय बहुतकनीकी संस्थान
विद्यार्थियों को सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासनिक व सरकार को यहां सर्विस लेन बनानी चाहिए। इसके लिए हम हरियाणा सरकार से मांग कर रहे हैं कि यहां सर्विस लेन का निर्माण करवाया जाए ताकि विद्यार्थियों की परेशानी खत्म हो। - सुमित कुमार, छात्र, राजकीय बहुतकनीकी संस्थान
अब तो जान जोखिम डालकर संस्थान में जाना पड़ रहा है। क्योंकि हमारे संस्थान के पास सर्विस लेन नहीं है। जिसके कारण हमको मजबूरी में हाईवे पर पैदल चलकर आना पड़ता है। अगर सर्विस लेन बन जाएगी तो दुर्घटना होने का खतरा नहीं रहेगा। - सूरज, छात्र, राजकीय बहुतकनीकी संस्थान
सर्विस लेन न होने से हमारे तीन हजार विद्यार्थियों सहित स्टाफ सदस्यों को संस्थान में आने के लिए भारी परेशानी होती है। यहां हाईवे पर दुर्घटना होने का खतरा सिर पर मंडरा रहा है। यहां सर्विस लेन जरूर होनी चाहिए। क्योंकि सर्विस लेन न होने कारण विद्यार्थियों को हाईवे पर ही पैदल दूरी तह करके संस्थान में आना पड़ रहा है। सर्विस लेन के निर्माण के लिए पिछले दिनों शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता से मांग की है। इससे पहले एचएचएआई से लेकर डीसी व मेयर तक भी गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन सर्विस रोड का निर्माण नहीं हो पाया। - अशोक कुमार, प्राचार्य, राजकीय बहुतकनीकी संस्थान