हिसार। दिवाली पर मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग की टीम ने एक सप्ताह में जिले के 30 प्रतिष्ठानों पर छापे मारकर खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं। अब सीएम फ्लाइंग भी सक्रिय हो गई है।
छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े गोदामों तक निगरानी की जा रही है। विभाग को सैंपलों की लैब रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट में खामी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. काजल महतानी के नेतृत्व में टीम मिठाई की दुकानों और खाद्य पदार्थों से जुड़े प्रतिष्ठानों की जांच कर रही है। त्योहार पर मिठाइयों और खाद्य सामग्री की मांग बढ़ने के साथ मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है।
विज्ञापन
सीएम फ्लाइंग की सक्रियता से कारोबारियों पर निगरानी बढ़ी है। जांच का दायरा केवल छोटी दुकानों तक सीमित नहीं है। बड़े गोदामों में रखे खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए जा रहे हैं। विभाग की ओर से ग्राहकों को मिलावटी खाद्य पदार्थों के नुकसान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। खरीदारी के समय पैकेजिंग, निर्माण और समाप्ति तिथि जांचने की सलाह दी जा रही है। साथ ही विश्वसनीय दुकानों से ही मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री खरीदने को कहा जा रहा है।
-
जिले में मिलावट रोकने के लिए विभाग सख्त कार्रवाई कर रहा है। अब तक करीब 30 प्रतिष्ठानों से मिष्ठान पदार्थों के सैंपल लिए जा चुके हैं। लैब रिपोर्ट आते ही खामी मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. काजल महतानी, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी, हिसार।