हिसार। आज तक आपने किसी का सामान ही चोरी होते सुना होगा। जैसे किसी की गाड़ी चोरी हो गई या किसी के घर से अन्य सामान चोरी हो गया। मगर आज आप पहली बार सुनेंगे कि किसी ने 500 मीटर सड़क ही चोरी कर ली। आपको यह सुनकर थोड़ा अजीब जरूर लगेगा, लेकिन यह सच है। किसी ने नगर निगम की सड़क ही चोरी कर ली और नगर निगम अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। कॉलोनी वासियों ने ही निगम अधिकारियों को इस बारे में सूचना दी। हालांकि अभी भी निगम प्रशासन ने इसे लेकर कोई कार्रवाई नहीं की है।
जानकारी के अनुसार कुंजलाल गार्डन एरिया में शांति नगर से भाटिया डेयरी तक सड़क बनी हुई थी। ब्लॉक की बनी यह सड़क एकदम सही हालत में थी। अचानक ही वीरवार को किसी ने सड़क उखाड़नी शुरू कर दी। कॉलोनी वासियों ने सोचा कि शायद नगर निगम इस सड़क को दोबारा से बनवा रहा है। हालांकि इस बारे में निगम प्रशासन को अवगत भी करवाया गया, लेकिन अधिकारियों ने कोई सुध नहीं ली। उधर यह सड़क पूरी उखाड़ दी गई यही नहीं सड़क उखड़ने वाला व्यक्ति ब्लॉक भी अपने साथ ले गया।
चोर का भी पता चला
इसी बीच कॉलोनी वासियों को चोर का भी पता चल गया जिसने यह सड़क चोरी की। यह चोर कोई और नहीं बल्कि निगम का ही एक ठेकेदार निकला। बिना इस सड़क के निर्माण का टेंडर हुए ठेकेदार ने यह सड़क उखाड़ दी। अब निगम प्रशासन ने कॉलोनी वासियों से इस बारे में शिकायत देने को कहा है ताकि ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
इस सड़क के निर्माण का टेंडर भी नहीं किया गया और ठेकेदार ने बिना किसी टेंडर के ही यह सड़क उखड़ दी, जबकि सड़क की हालत बिल्कुल सही थी। इस बारे में निगम के अधिकारियों को अवगत करवाया गया था तो उन्होंने कहा था कि वह ठेकेदार से उसके खर्चे पर ही दोबारा से इस सड़क को बनवा देंगे। हालांकि अब एक्सईएन इस मामले में मुझे शिकायत देने को कहा है और सोमवार को कार्यालय भी बुलाया है।
-तिलक राज, सामाजिक कार्यकर्ता
मैं अभी शहर से बाहर हूं। मुझे इस बारे में जानकारी नहीं है। अगर ऐसा हुआ है तो जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी होगा उस पर नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
-संदीप सिहाग, एक्सईएन, नगर निगम हिसार
ठेकेदार ने गलती से इस सड़क को उखाड़ दिया है। इस मामले में ठेकेदार को नोटिस देकर कार्रवाई की जाएगी।
-अंकुर, जूनियर इंजीनियर, नगर निगम, हिसार