हिसार के गांव किरमारा में जनसभा करने पहुंचे श्रम राज्यमंत्री अनूप धानक के खिलाफ छात्राओं ने नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। छात्राओं ने डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। जानकारी के अनुसार छात्राएं गांव से हिसार तक के लिए बसें चलाने की मांग कर रही थी। मंत्री की ओर से ठोस आश्वासन न मिलने पर छात्राएं भड़क गईं।
श्रम राज्य मंत्री अनूप धानक शनिवार शाम को किरमारा गांव में जनसभा करने पहुंचे। जजपा समर्थक उन्हें ट्रैक्टर व बाइक के काफिले के साथ गांव की मेन चौपाल तक लेकर आए। मंत्री ने चौपाल पर अपना संबोधन दिया। इस दौरान छात्राओं ने अग्रोहा, हिसार, आदमपुर, फतेहाबाद के लिए बसों की संख्या बढ़ाने की मांग की।
छात्राओं ने बस पर लटक कर सफर करने वाला विद्यार्थियों का वीडियो भी मंत्री को दिखाया। छात्राओं ने कहा कि उन्हें रोजाना निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। प्रदेश सरकार की ओर से छात्राओं के लिए स्पेशल बसें, कॉलेज तक बसें, पिंक बसे चलाने के बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन छात्राओं को रोजाना किराया खर्च कर निजी वाहनों से कॉलेज में जाना पड़ता है।
काफी बार छात्राएं समय पर संस्थान नहीं पहुंच पाती। बसों की समस्या को लेकर कई बार रोडवेज महाप्रबंधक को अवगत करवा चुके है। ग्रामीणों व महिलाओं गांव में विकास कार्य न होने पर नाराजगी जताई। कुछ छात्राएं काले झंडे लेकर मंत्री के काफिले के सामने पहुंचे। मंत्री अनूप धानक के अलावा डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के मुर्दाबाद के नारे लगाए। ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कहा कि अगर जल्दी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो धरना शुरू कर देंगे।