हिसार। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय, सेक्टर-33 व सेक्टर 9-11 में रहने वाली 5 हजार की आबादी को इस साल भी गर्मी के सीजन में अघोषित बिजली कटों से राहत नहीं मिल सकेगी। क्योंकि बिजली निगम की ओर से इन तीनों जगह पर 33केवी सब-स्टेशन बनाने का काम एक साल पहले शुरू कराना था, लेकिन अभी तक जीजेयू को छोड़ अन्य दो जगह जमीन तक चिह्नित नहीं हो सकी है।
बता दें कि बिजली निगम की ओर से सर्वाधिक बिजली सप्लाई से ओवरलोड क्षेत्रों का चयन किया गया था। इसमें गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय, सेक्टर-33 व सेक्टर 9-11 का चयन किया गया था, जहां बिजली कट से राहत दिलाने के लिए 33केवी मुख्य बिजलीघर बनाने का फैसला लिया था, लेकिन प्रोजेक्ट सिरे नहीं चढ़ सका।
जीजेयू : गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय समीप 33केवी सब स्टेशन के लिए साढ़े 6 एकड़ जगह बिजली निगम ने चयनित की है। इसके बावजूद बिजली निगम प्रोजेक्ट को रफ्तार नहीं दे सका। अगर यह 33केवी सब स्टेशन बन जाता है कि उपरोक्त विश्वविद्यालय में बिजली कट से राहत मिलेगी।
सेक्टर-33 : सेक्टर-33 में 33केवी बिजलीघर बनाने का काम अटका हुआ है। एचएसवीपी व बिजली निगम के बीच जमीन को लेकर पेच फंसा है। निगम ने जब बिजली घर बनाने के लिए एचएसवीपी से जमीन मांगी तो निगम से पैसे की डिमांड कर दी थी, जिस कारण यह काम आज तक लटका हुआ है।
सेक्टर 9-11 : दो हजार से अधिक क्षेत्रवासियों को बिजली कट से राहत देने के लिए सेक्टर 9-11 में भी 33केवी बिजली घर बनाना था। जिसके लिए प्रपोजल शुरू किया गया लेकिन बिजली निगम के अधिकारियों की इच्छाशक्ति की कमी के कारण यह प्रोजेक्ट एक साल से अधिक समय तक अटका हुआ है।
संबंधित अधिकारियों से फीडबैक लिया जाएगा। जीजेयू के बिजली घर के लिए जगह का चयन कर लिया गया है। सेक्टर-33 व सेक्टर 9-11 में बिजली घर बनाने के लिए एसडीओ से संपर्क कर रिपोर्ट ली जाएगी। - ओमबीर, एसई, हिसार सर्कल