आदमपुर। शिव कॉलोनी निवासी 12 वर्षीय दैविक की मौत के मामले में पुलिस की जांच जारी है। सूत्रों के अनुसार, जिस पिस्तौल से दैविक को गोली लगी उसमें पहले से दो गोलियां लोड थीं और पिस्तौल भी अनलॉक थी।
गोली दैविक के सिर को पार करते हुए पास में रखी अलमारी में जा लगी जिससे उसमें भी छेद हो गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय वास्तव में क्या परिस्थितियां बनीं और गोली किसके हाथों से चली। अभी तक पुलिस ने नाबालिग आरोपी को अभिरक्षा में नहीं लिया है। परिजनों के बयान पर पुलिस ने दैविक के दोस्त एवं सहपाठी के खिलाफ हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।
अलमारी भी थी अनलॉक
सूत्रों के मुताबिक जिस अलमारी में पिस्तौल रखी हुई थी वह भी अनलॉक थी। पिस्तौल अलमारी से ही बरामद हुई है। घटनास्थल से गोली और उसका खोल भी बरामद किया गया है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गोली चलने के बाद पिस्तौल को वापस अलमारी में किसने रखा।
यह है मामला
13 अक्तूबर की शाम दैविक अपने दोस्त के घर गया था। कुछ देर बाद दोस्त के घर से दैविक की मां के पास फोन आया कि उसे गोली लग गई है। दैविक की मां और दादा मौके पर पहुंचे तो वह खून से लथपथ पड़ा था। परिजन उसे जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दैविक के पिता रवि गोयल के बयान पर पुलिस ने उसके नाबालिग दोस्त के खिलाफ हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की।