समाज के प्रतिनिधियों को संबोधित करते अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरं
अग्रोहा। अग्रोहा धाम में सोमवार को वैश्य समाज के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने की। उन्होंने कहा कि अग्रोहा टीले की खोदाई में बेशुमार कीमती सामान मिलने की पूरी संभावना है, लेकिन खोदाई कार्य की धीमी गति को लेकर वैश्य समाज और आम जनता में भारी नाराजगी है।
बजरंग गर्ग ने कहा कि अग्रोहा टीले की खोदाई का कार्य एक वर्ष में पूरा न होना चिंता का विषय है। यदि इसी गति से कार्य चलता रहा तो यह खोदाई 20 वर्षों में भी पूरी नहीं हो पाएगी। उन्होंने सरकार से अपनी घोषणा के अनुरूप खोदाई कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की।
उन्होंने बताया कि लगभग 125 एकड़ में फैला अग्रोहा टीला महाराजा अग्रसेन का महल था, जो समय के साथ टीले का रूप ले चुका है। खोदाई के दौरान यहां से बेशुमार कीमती वस्तुएं मिलने की संभावना है, जिनमें ऐतिहासिक खजाना भी शामिल हो सकता है। इस मौके पर बैठक में चूड़ियां राम गोयल, अनंत अग्रवाल, पवन गर्ग, राजेंद्र बंसल, सुरेंद्र मित्तल आदि ने अपने विचार रखे।
मिली धरोहर को सहेजने के लिए टीले पर ही बने संग्रहालय
बजरंग गर्ग ने कहा कि अब तक खोदाई में जो भी सामग्री प्राप्त हुई है, उसे सुरक्षित रखने के लिए अग्रोहा टीले पर ही एक संग्रहालय का निर्माण किया जाना चाहिए। इससे आने वाली पीढ़ियों को अग्रोहा की गौरवशाली विरासत से परिचित कराया जा सकेगा। अग्रोहा धाम में पहले ही करोड़ों रुपये की लागत से महाराजा अग्रसेन के नाम पर दो संग्रहालय बनाए गए हैं। इन संग्रहालयों में महाराजा अग्रसेन की संपूर्ण जीवनी के साथ-साथ देश की आजादी में अपने प्राणों की आहुति देने वाले देशभक्तों के जीवन से जुड़ी जानकारी को प्रदर्शित किया जाएगा।