हिसार। सेक्टर 15 में रहने वाले सेल टैक्स से सेवानिवृत्त हुए कमिश्नर लाजपत राय गर्ग की कोठी में दूसरी बार चोरी की घटना हुई। चोर कोठी के अंदर से टोंटियां व अन्य सामान चोरी कर ले गए। इस संबंध में सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में सेक्टर 15 निवासी हनुमान मित्तल ने बताया कि सेक्टर की एक कोठी लाजपत राय गर्ग पंचकूला के नाम है। वे कमिश्नर सेल्स टैक्स हरियाणा के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं और पंचकूला में रहते हैं। उनकी यहां सेक्टर 15 वाली कोठी काफी समय से खाली पड़ी है। उन्होंने बताया कि 8 दिसंबर 2021 को पड़ोसियों ने फोन कर उन्हें सूचना दी थी कि कोठी के दरवाजे पर लगे ताले टूटे हुए हैं। पता चलने पर अगले दिन कोठी पर आए थे। उन्होंने देखा कि कोठी के सभी ताले टूटे हुए हैं और सारी टोंटी व कुछ बर्तन गायब हैं। घटना के बाद वे नए ताले लगाकर चाबियां मुझे देकर चले गए। 23 मार्च को मैं उनकी कोठी संभालने गया तो मैंने देखा कि एक बार फिर से सभी ताले टूटे हुए है और कुछ सामान गायब है। इस बारे में कोठी मालिक को सूचना दी। सिविल लाइन पुलिस थाना ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।