बास। गांव सिंघवा खास में आयोजित दंगल दूर-दराज से आए पहलवानों ने दमखम दिखाया। सबसे पहले हिमांशु गोदड़ी और चिराग मिर्जापुर के बीच मुकाबला हुआ जो कड़ी टक्कर के बाद बराबरी पर छूटा। इसके बाद भीम सुनारियां और परमजीत कथुरा के बीच हुआ मुकाबला भी बराबरी का रहा। कपिल और चिक्का के बीच हुए मुकाबले में कपिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता में में नारनौंद हलके के विधायक जस्सी पेटवाड़ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। ग्रामीणों व खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए युवाओं से खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से भी दूर रखते हैं। यदि युवा खेलों में आगे बढ़ेंगे तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित होगा।
दंगल में विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे जिला पार्षद राजेंद्र चहल और नरेश यादव ढाणा कला ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गांव के सरपंच ओमप्रकाश ने की। इस अवसर पर सरपंच ओमप्रकाश, जिला पार्षद राजेंद्र चहल, ईश्वर सिंघवा, राजपाल, डॉ. अशोक मौजूद रहे।