हिसार। महिला की हत्या के बाद शव बोरी में डालकर नहर में फेंकने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को स्याहड़वा पंप हाउस के पास शव को बरामद किया जिसकी पहचान नहीं हो सकी है। पंप हाउस में तैनात कर्मचारी से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया। पहचान नहीं होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका है।
आजाद नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दलबीर सिंह ने बताया कि मृतका की आयु 30 से 35 साल के बीच है। उसके शव को बोरी में डालकर नहर में डाला गया है। हाथ के अंगूठे के पास ओम लिखा हुआ है और उसके शरीर पर लाल रंग का कढाईदार सूट है। उन्होंने बताया कि शव पानी में रहने से हाथ व पैरों के हिस्से से चमड़ी उतर गई है। ऐसा लग रहा है कि किसी ने हत्या कर शव को नष्ट करने की मंशा से नहर में फेंका है। सिवानी फीडर पर तैनात सिंचाई विभाग के कर्मचारी अमित कुमार ने बताया कि वह सुबह पंप हाउस पर डयूटी पर था। इस दौरान नहर की बुर्जी नंबर छह के पास शव दिखाई दिया तो मंगाली पुलिस चौकी को सूचना दी।