हिसार। सातरोड खुर्द से लाडवा रोड की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। रोड की चौड़ाई 12 से बढ़ाकर 18 फीट की जाएगी। रोड को चौड़ा करने से पहले मौके पर लगे बिजली के खंभों को शिफ्ट किया जाएगा।
बीएंडआर की बिजली शाखा ने इसके लिए टेंडर लगा दिया है। सोमवार को टेंडर के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि थी। इस रोड के चौड़ा होने से लोगों के समय की बचत होगी। अगर किसी व्यक्ति को सातरोड खुर्द से तोशाम रोड पर जाना है तो यह रोड शॉर्टकट होगा।
सातरोड खुर्द से लाडवा रोड पहले मार्केट कमेटी के अधीन था। अब इस रोड को बीएंडआर को सौंप दिया गया है। फिलहाल इस रोड की चौड़ाई 12 फीट है। बीएंडआर की तरफ से इस रोड की चौड़ाई 6 फीट और बढ़ाई जाएगी। साथ ही इस रोड की मजबूतीकरण का काम भी किया जाएगा। इस कार्य पर साढ़े 7 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। इस रोड की लंबाई 5400 मीटर है। इस रोड पर लगे बिजली के खंभों को शिफ्ट करने में 31.89 लाख रुपये खर्च आने का अनुमान है।
-
पुराने दिल्ली रोड से शिफ्ट किए जाएंगे खंभे
उधर सातरोड खुर्द से गुजरने वाले पुराने दिल्ली रोड से बिजली के खंभों को हटाया जाएगा। इसके लिए बीएंडआर की बिजली शाखा ने टेंडर लगा दिया है। इस रोड के ऊपर 11 केवी की लाइन के खंभे लगे हुए हैं। पिछले दिनों नगर निगम की हाउस की बैठक में भी इन खंभों को शिफ्ट करने का मुद्दा उठा था। इस पर बीएंडआर की बिजली शाखा के अधिकारियों ने ने इन खंभों को शिफ्ट करवाने की बात कही थी। इन खंभों के सड़क पर होने पर हादसे की संभावना बनी रहती है।