नारनौंद के धरना स्थल पर बारिश की वजह से ट्रॉली में ही पक्का मोर्चा बनाकर बैठीं महिलाएं।
नारनौंद। गांव बुडाना में हुए डबल मर्डर मामले में न्याय की मांग के लिए ग्रामीण पिछले 20 दिनों से धरना दे रहे हैं। शुक्रवार को हुई बारिश के कारण धरनास्थल पर पानी भर गया तो महिलाओं ने ट्रॉली को ही अपना आसरा बना लिया। बारिश में ओलावृष्टि के बावजूद भी ग्रामीण धरने पर डटे रहे।
ग्रामीणों ने कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलता हमारा धरना जारी रहेगा और जल्द ही सभी खापें बड़ा निर्णय लेकर आंदोलन की रूपरेखा में बदलाव करेंगे। पिछले 20 दिनों से गांव बुडाना सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोग कड़कती ठंड में न्याय के लिए धरना दे रहे हैं।
महिलाओं ने बताया कि इस कड़की ठंड में बुजुर्ग महिलाएं न्याय के लिए धरने पर बैठी हुई हैं। सरकार और प्रशासन आंख बंद करके हमारे सब्र का इम्तिहान ले रहा है। पिछले 20 दिनों से हम यहां पर बैठे हुए हैं प्रशासन का कोई भी अधिकारी हमारी सुध लेने के लिए नहीं पहुंचा। क्या हमारा गांव प्रदेश का हिस्सा नहीं है। अगर प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज है तो हमारी सुनवाई होनी चाहिए।
ग्रामीण मनदीप ढांडा, अशोक कुमार, प्रदीप ढांडा, संदीप भारती, हरिकेश इत्यादि ने बताया कि जब तक न्याय नहीं मिल जाता तब तक हमारा धरना ऐसे ही जारी रहेगा। बारिश तो क्या बाढ़ भी आ जाए तो हम धरना खत्म नहीं करेंगे। पुलिस प्रशासन दबाव में काम कर रहा है क्योंकि ग्रामीण सीधा आरोप लगा चुके हैं कि इस मामले के मास्टरमाइंड को पकड़ा जाए। उसके बावजूद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। कमेटी प्रदेश से के मुख्यमंत्री से मिलने का प्रयास कर रही है। बारिश की वजह से मुख्यमंत्री का दौरा रद्द हो गया। कमेटी शुक्रवार को नलवा में मुख्यमंत्री से मिलने वाली थी।