बस अड्डे पर कहीं नजर नहीं आई सुरक्षा।
हिसार। दिल्ली में धमाके के बाद देशभर में जारी अलर्ट के बावजूद हिसार में पुलिस की सतर्कता नदारद नजर आई। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के बिना जांच के ही एंट्री होती रही। शहर में भी एक-दो जगहों को छोड़कर कहीं भी पुलिस की सख्ती नहीं दिखी। हालांकि रेलवे सुरक्षा बल का दावा है कि उनके जवान दिनभर ट्रेनों व स्टेशन की निगरानी में जुटे रहे।
अमर उजाला की टीम ने मंगलवार को शहर के सार्वजनिक स्थलों का जायजा लिया। इस दौरान रेलवे स्टेशन के जाट कॉलेज की तरफ वाले गेट पर कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं दिखी। यहां बिना जांच के ही यात्री स्टेशन परिसर में दाखिल होते रहे। स्टेशन के 6 नंबर प्लेटफार्म पर भी कोई सुरक्षा यात्रियों के सामान की जांच करता नजर नहीं आया। हालांकि रेलवे की तरफ से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की ओर से स्टेशन और ट्रेनों में लगातार गश्त के माध्यम से निगरानी की जा रही है। स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल के नियंत्रण कक्ष से हर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। स्टेशन पर डॉग स्क्वाड भी नियमित रूप से गश्त कर रहा है। स्टेशन और ट्रेनों में गश्त करने वाले रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाए गए हैं।