हिसार से सिरसा के बीच सड़क पर पलटी कार।
हिसार। हिसार -सिरसा नेशनल हाईवे नंबर 9 पर ढंढूर पुल से कुछ पहले सर्विस लेन पर शनिवार सुबह करीब 11 बजे कार के सामने अचानक कुत्ता आने से चालक नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू कार एक बाइक को टक्कर मारते हुए ग्रिल तोड़कर रोड के दूसरी ओर सर्विस लेन पर जाकर पलट गई। वहीं, कार को पलटते देखकर हाइवे से गुजर रही एक कार ने ब्रेक लगाए तो पीछे से आ रही दूसरी कार उसमें भिड़ गई। इससे एक कार में सवार युवती घायल हो गई। दोनों हादसों में तीन लोग घायल हुए हैं।
नागरिक अस्पताल में भर्ती फतेहाबाद के मोहम्दपुर रोही निवासी राजपाल ने बताया कि वह हिसार से बाइक पर अग्रोहा की तरफ जा रहा था। ढंढूर पुल से कुछ दूरी पर एक बेकाबू कार ने उसकी बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद भी चालक कार को नियंत्रित नहीं कर पाया और हाईवे की ग्रिल तोड़कर कार सर्विस लेन पर जाकर पलट गई। घायल ढंढूर निवासी कार चालक विकास ने बताया कि सर्विस लेन पर अचानक कुत्ता आ गया। उसे बचाने का प्रयास किया तो कार अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस हादसे की वजह से दो अन्य कारें भी भिड़ गईं। इस हादसे में घायल युवती को उसके परिजन सेक्टर-14 के एक निजी अस्पताल में ले गए। वह परिवार दिल्ली से श्रीगंगानगर जा रहा था। सदर थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिली है। अभी इस बारे में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।