हिसार। भिवानी जिला के गांव देवास में हुए सड़क हादसे में घायल संजय ने भी बुधवार को निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। तोशाम थाना पुलिस ने शव का नागरिक अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। इससे पहले ईश्वर और नरदीप की मौत हो चुकी है जबकि घायल कपिल का अस्पताल में इलाज जारी है।
11 जनवरी को तेज रफ्तार थार ने दो बाइक सवारों और दो राहगीरों को टक्कर मार दी थी। इसमें देवास के ईश्वर, अनिल, संजय और नरदीप गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सभी गांव में ही मजदूरी करते थे। जिस समय हादसा हुआ तब ये खेत में पानी देकर लौट रहे थे। ईश्वर और संजय बाइक पर थे और नरदीप और अनिल पैदल चल रहे थे। नरदीप के भाई सुनील के बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।