हिसार। अधिकारियों के आदेश का शुक्रवार को असर देखने को मिला। नगर निगम की स्वच्छता शाखा की टीम ने स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने पर 26 लोगों पर जुर्माना किया। 28 जनवरी को सफाई व्यवस्था के बारे में हुई बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त ने टीम को चालान की संख्या बढ़ाने के आदेश दिए थे।
शुक्रवार को सीटीएल प्रदीप जाखड़, तकनीकी एक्सपर्ट जसबीर कुंडू ने कैंट और बस स्टैंड के नजदीक खुले में कचरा डालने व सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करने पर 10 दुकानदारों के चालान किए । एएसआई राहुल सैनी व राहुल पंवार ने खुले में कचरा डालने पर तेलियान पुल और एएसआई विजेता ने खुले में कचरा डालने पर पारिजात चौक पर एक दुकानदार व प्रदर्शनकारियों का चालान किया। एएसआई सरोज ने खुले में कचरा डालने पर साउथ बाईपास क्षेत्र के दुकानदारों और एएसआई प्रवीन, दरोगा सुनील, एचएसआई रेखा ने चंदूलाल बाग, कृष्णा नगर, कैमरी रोड क्षेत्र में पांच दुकानदारों चालान किए। -
एक हजार की आबादी पर एक ही गाड़ी, एजेंसी से होगा जवाब तलब
28 जनवरी को हुई बैठक में सामने आया कि पीएलए एरिया में एजेंसी ने एक हजार की आबादी पर एक ही गाड़ी लगाई हुई है। इस पर अधिकारी ने एजेंसी से जवाब मांगने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों ने यह भी बताया कि गाड़ियों की हाजिरी लेट लग रही हैं। इस पर अतिरिक्त निगमायुक्त ने हाजिरी बारे और कौन से क्षेत्र में गाड़ी नहीं जा रही है, इसकी भी जानकारी मांगी।
-
निगम की गाड़ियों में गोबर न डालने वालों की भी मांगी सूची
बैठक में कर्मचारियों से प्रतिदिन उठाए जा रहे गोबर के वजन के बारे में भी रिपोर्ट ली गई। इस दौरान सभी एएसआई को निर्देश दिए गए कि ऐसे लोगों की सूची तैयार की जाए, जो निगम की ट्रॉली में गोबर नहीं डालते। साथ ही सभी एएसआई को सभी घरों से गोबर का उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
-
गाड़ियों के नहीं बज रहे स्पीकर
बैठक में सामने आया कि कचरा उठाने वाली कई गाड़ियों के स्पीकर नहीं बज रहे हैं। इस पर एएसआई ने बताया कि वार्ड 14 की रूट 2, वार्ड 20 के रूट 3, वार्ड 15 के रूट 3, वार्ड 11 के रूट 6, वार्ड 12 के रूट एक व दो और वार्ड 13 के रूट 5 की गाड़ी के स्पीकर खराब है। वहीं वार्ड 11 के रूट 4 व 6 की गाड़ियों के स्पीकर ठीक है लेकिन चालक जानबूझकर स्पीकर नहीं चल रहा है। इस पर सभी स्पीकर का संचालन सुनिश्चित करवाने के आदेश दिए।