हिसार अनाज मंडी में खुले में लगे गेहूं के ढेर। संवाद
हिसार। नई अनाज मंडी में सोमवार को तकनीकी खामियों के कारण गेहूं और सरसों की सरकारी खरीद नहीं हो सकी। ई-पोर्टल बंद रहने के चलते किसानों को फसल बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। किसान मंडी में अपनी फसल लेकर पहुंचे लेकिन खरीद प्रक्रिया बाधित होने से उन्हें मजबूरी में मंडी में ही रात बितानी पड़ी।
हिसार अनाज मंडी में सोमवार को 377 किसानों के गेट पास काटे गए। अब तक गेहूं के लिए कुल 995 किसानों के गेट पास कट चुके हैं। सरसों के लिए 87 किसान पहुंचे और अब तक 2281 किसानों के गेट पास जारी किए जा चुके हैं।
मंडी प्रशासन ने उठान प्रक्रिया तेज कर दी है लेकिन पोर्टल और बायोमेट्रिक मशीनों में तकनीकी खामियां लगातार परेशानियों का कारण बनी हुई हैं। किसान मंडी में अपनी फसल लेकर बैठने के बावजूद खरीद प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
1617.7 मीट्रिक टन गेहूं की आवक :
मंडी सुपरवाइजर अशोक कुमार के अनुसार, सोमवार को मंडी में 1617.7 मीट्रिक टन गेहूं और 2842.8 मीट्रिक टन सरसों की आवक हुई। अब तक कुल 6208.1 मीट्रिक टन गेहूं और 7585.3 मीट्रिक टन सरसों की आवक हो चुकी है।