हांसी। शहर को रोशन करने के लिए नगर परिषद ने करीब 90 लाख रुपये से 3500 स्ट्रीट लाइटें खरीदने का एस्टीमेट बनाया है। इन लाइटों को वार्डों में बांटा जाएगा व जिन मार्गों पर लाइटें नहीं है वहां लाइटें लगवाई जाएंगी।
यह प्रस्ताव बीते दिनों वित्त कमेटी की बैठक में पास भी हो चुका है। इस पर तकनीकी शाखा द्वारा आगामी प्रपोजल तैयार किया जा रहा है। इन स्ट्रीट लाइटों को परिषद खरीदेगी। शहर के रोड व गलियों को चमकाने के लिए नगर परिषद 3500 एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगवाएगी। इन लाइटों को सभी वार्डों व मुख्य रोड पर लगवाया जाएगा। यह लाइटें बजाज, फिलिप्स व क्रॉम्पटन कंपनी की होंगी। इसके लिए निदेशालय से निर्देश दिए हैं। परिषद इसके अलावा अन्य किसी भी कंपनी की स्ट्रीट लाइट नहीं खरीद सकेगा। वहीं प्रत्येक वार्ड में करीब 100 स्ट्रीट लाइटें दी जाएंगी। बता दें कि शहर में करीब 11 हजार स्ट्रीट लाइटें हैं। इनके रखरखाव के लिए हिसार की एक फर्म को रखरखाव का टेंडर दिया हुआ है।
हाईवे से उतारी स्ट्रीट लाइटें नहीं लगी
शहर के अंदर से गुजरने वाले हाईवे पर लगी स्ट्रीट लाइटों को फोर लेन करने के दौरान उतारा गया था। साथ ही स्ट्रीट लाइटों के पोल को भी उतारा गया, लेकिन अभी तक इन पोल को नहीं लगाया गया है। इसके लिए बीते दिनों एसडीएम ने परिषद के अधिकारियों को कहा था कि इन स्ट्रीट लाइटों को बरवाला बाईपास पर लगाया जाए। अभी तक इस पर काम शुरू नहीं हुआ है। वहीं लाइटें हटने के बाद से भाईजी होटल से गीता चौक तक का रोड रात के समय अंधेरे में डूबा रहता है।
यहां लगेंगी स्ट्रीट लाइटें
सिसाय पुल से जींद चुंगी रोड, जींद चुंगी से लघु सचिवालय तक, इसके अलावा शहर से बाहर की तरफ जाने वाली रोड व अन्य मुख्य मार्गों पर स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी, जहां पर पहले कोई स्ट्रीट लाइट नहीं है। इसके अलावा जिन रोड पर स्ट्रीट लाइटों की संख्या कम है वहां पर भी नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।
-
स्ट्रीट लाइटों को खरीदने का काम जल्दी शुरू किया जाएगा। जहां स्ट्रीट लाइटों की कमी है वहां पर इन स्ट्रीट लाइटों को लगवाया जाएगा।
- प्रवीन ऐलावादी, चेयरमैन, नगर परिषद