हांसी। सरकार की ओर से वैध की गई शहर की चारों कालोनियों की सभी गलियों को पक्का करवाया जाएगा। इसके लिए नगर परिषद के अधिकारी कालोनियों में निरीक्षण कर सभी कच्ची गलियों का विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इसके बाद इसे मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा जाएगा।
शहर की 10 अवैध कॉलोनियों को वैध करने का प्रस्ताव बीते वर्ष सरकार के पास भेजा गया था। जिसमें से चार कॉलोनियों को बीते महीने वैध किया गया था। साई कॉलोनी प्रथम व द्वितीय, नंद नगर व बैंक कॉलोनी को वैध किया गया है। इन चार कॉलोनियों में अब गलियों को पक्का करवाया जाएगा। अन्य छह अवैध कॉलोनियों को जल्द ही वैध किए जाने की उम्मीद है। विधायक ने कहा कि इन कॉलोनियों में गलियों के निर्माण के लिए अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। ताकी इसे सरकार के पास भिजवाकर इन्हें पक्का करवाने की मंजूरी प्राप्त की जा सके।
इन विकास परियोजनाओं का निर्माण कार्य हुआ शुरू
शहर में 82 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाली कई विकास परियोजनाओं के निर्माण कार्य शुरू हुआ। इसमें 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाली गोल कोठी वाली गली, रूपनगर कॉलोनी में 7 लाख की लागत से बनने वाली गली व साई कॉलोनी में 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाली गली व रविदास मंदिर से प्रभात स्कूल तक गंदे पानी की निकासी के लिए पाइप लाइन डालने के विकास कार्य शामिल है। गंदे पानी की निकासी को लेकर शुरू किए गए इस कार्य पर 25 लाख रुपये खर्च होंगे। विधायक ने इन कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि आज जिन विकास परियोजनाओं का निर्माण कार्य शुरू किया गया है उसे 3 माह के अंदर पूरा करवा लिया जाएगा। इस दौरान दुलीचंद नागोरा, गोलू चावला, नवदीप बिड़लान, संत विद्यानंद, सुनील सैनी, जुगल किशोर शास्त्री, सोनू चंदा, श्रीनिवास ,डॉ विष्णु, धर्मेंद्र, योगेश, हंसराज व नगर परिषद के अधिकारी उपस्थित रहे।